Report by : CWN Desk
Published at :
कांग्रेस के पूर्व आईटी सेल प्रभारी नितिन कौशिक ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में पारिवारिक तनाव का जिक्र

काशीपुर। कांग्रेस के पूर्व आईटी सेल महानगर प्रभारी नितिन कौशिक ने गुरुवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने पारिवारिक कारणों से यह कदम उठाने की बात लिखी है।

घटना सुबह करीब 10 बजे दुर्गा कॉलोनी, कृष्ण प्रणामी मंदिर के पास स्थित उनके आवास पर हुई। 48 वर्षीय नितिन कौशिक पुत्र देवेंद्र कौशिक ने घर के एक कमरे में पंखे के कुंडे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस के अनुसार, नितिन कौशिक कांग्रेस से वर्षों से जुड़े हुए थे। उन्होंने बीते नगर निगम चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के प्रचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके परिवार में दो बहनें हैं, जबकि एक भाई की कई साल पहले मौत हो चुकी है। वह अपने परिवार के इकलौते बेटे थे।

पुलिस ने सुसाइड नोट को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह और तनाव की वजह से आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है।

एसएचओ ने बताया कि सुसाइड नोट की भाषा और परिस्थितियों की गंभीरता से जांच की जा रही है। नितिन के निधन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›