Report by : CWN Desk
Published at :
काशीपुर में मेयर के भतीजे का अपहरण और मारपीट, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष समेत चार पर मुकदमा

काशीपुर। दुकान के सामने कार खड़ा करने को लेकर हुए मामूली विवाद ने गुरुवार को एक गंभीर रूप ले लिया। कार सवारों ने न सिर्फ नगर निगम मेयर दीपक बाली के भतीजे हर्षित बाली से मारपीट की, बल्कि उसका अपहरण कर उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए। बाद में आरोपी उसे डिग्री कॉलेज के सामने फेंककर फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और हर्षित की तहरीर पर पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गुरुप्रेम सिंह समेत चार आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

टांडा उज्जैन निवासी हर्षित बाली ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपनी दुकान पर मौजूद था, तभी एक कार आकर दुकान के सामने खड़ी हो गई। हर्षित ने कार को हटाने को कहा, जिस पर कार सवार पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष गुरुप्रेम सिंह नाराज हो गया और गालीगलौज करने लगा। जब हर्षित ने इसका विरोध किया, तो गुरुप्रेम ने फोन कर अपने तीन साथियों को मौके पर बुला लिया। चारों आरोपी काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे और हर्षित से मारपीट करने लगे।

इसके बाद उन्होंने जबरन हर्षित को गाड़ी में बैठाया और कुछ दूर ले जाकर डिग्री कॉलेज के पास फेंक दिया। घायल अवस्था में किसी तरह हर्षित ने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। घटना से इलाके में तनाव का माहौल है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›