बाजपुर। केलाखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव विधि का मझरा में कूड़ा डालने को लेकर मंगलवार देर रात बड़ा विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया गया। हमले में दो दरोगा समेत चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस ने 3 महिला समेत 9 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर दबिश देना शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक गांव विधि का मझरा निवासी मोहन लाल के प्लॉट में पड़ोस में रहने वाली कमला व उनके परिवार द्वारा कूड़ा डालने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार दोपहर इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। रात को मोहन लाल ने पुलिस को सूचना दी कि उसे दूसरे पक्ष से खतरा है। इस पर केलाखेड़ा थाने से एसआई देवेंद्र राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची।
पुलिस के अनुसार मौके पर पहुंचते ही आरोपियों बनवारी लाल, राजेश, जसपाल, पंकज, कमला, बाबू राम, दीपक, पुष्पा और सुनीता ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में एसआई देवेंद्र राजपूत, सिपाही हरीश मेहर, महेंद्र बिष्ट और दिनेश घायल हो गए। हमले के दौरान सिपाही महेंद्र बिष्ट की वर्दी भी फट गई।
पुलिस के बीच-बचाव के प्रयास में हरीराम और ममता भी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर बुधवार को एएसपी अभय सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए। पुलिस ने 3 महिला समेत कुल 9 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी धरपकड़ के लिए दबिश देनी शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।