Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी उपद्रव में 6 लोगों की मौत, तनाव के चलते कर्फ्यू जारी, स्कूल-कालेज आज हैं बंद

अब गिरफ्तार हुए उपद्रवियों की संख्या बढ़कर 78 हो गई, अब्दुल मलिक को तहसील से वसूली नोटिस जारी 
हल्द्वानी। उत्तराखंड के बनभूलपुरा बवाल में फरार वांछित अयाज समेत चार और उपद्रवियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब गिरफ्तार हुए उपद्रवियों की संख्या 78 हो गई है। मुख्य साजिशकर्ता अब्दुल मलिक व उसके बेटे अब्दुल मोईद समेत तीन वांटेड अब भी फरार हैं। एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने बताया कि आठ फरवरी को बनभूलपुरा में सरकारी भूमि पर बने मदरसे व नमाज स्थल को तोड़ने के दौरान उपद्रवियों ने पथराव व आगजनी कर थाना फूंक दिया था।
इस प्रकरण में मुख्य साजिशकर्ता मलिक समेत छह उपद्रवियों के घरों की कुर्की हो चुकी है। पुलिस की वांछित सूची में शामिल बनभूलपुरा निवासी अयाज अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, थाने में आगजनी और क्षेत्र में ¨हसा भड़काने के आरोपित बनभूलपुरा निवासी मोहम्मद समीर, जावेद कुरैशी और मोहम्मद फिरोज को भी गिरफ्तार किया है। मलिक समेत तीन उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है।
बनभूलपुरा बवाल में मुख्य साजिशकर्ता अब्दुल मलिक पर लगातार शिकंजा कसता जा रहा है। फरार होने की वजह से चल संपत्ति कुर्क हो चुकी है। अब तहसील से भी ढाई करोड़ की वसूली का नोटिस जारी हो चुका है। पथराव और आगजनी में नगर निगम को 2.44 करोड़ रुपये की संपत्ति को क्षति पहुंची है। तहसीलदार सचिन कुमार ने बताया कि वसूली की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सात दिन का नोटिस दिया गया है। जवाब नहीं मिलने पर अचल संपत्ति कब्जे में लेने की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य साजिशकर्ता अब्दुल मलिक व उसकी पत्नी समेत छह लोगों पर मृत व्यक्ति का फर्जी शपथपत्र बनाने व कूटरचित तरीके से जमीन हड़पने समेत एक अन्य मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट ने पुलिस को बताया कि अब्दुल्ला बिल्डिंग लाइन नंबर आठ निवासी अब्दुल मलिक व उसकी पत्नी साफिया मलिक, आजादनगर निवासी अख्तरी बेगम, गौस रजा, नबी रजा व उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी लतीफ ने मृत व्यक्ति का शपथ पत्र देकर सरकारी जमीन खुर्द-बुर्द की। सभी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›