Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी से 31 सवारियां लेकर मुनस्यारी जा रही रोडवेज बस के ब्रेक फेल, बस खाई में गिरने से बची

सड़क किनारे बने स्टील गार्डर पर लटकी, यात्रियों में मचा हड़कंप, गरमपानी के पास की घटना

नैनीताल। हल्द्वानी से 31 सवारियों को लेकर मुनस्यारी जा रही रोडवेज बस दोपाखी पुल पर हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची। बस के ब्रेक फेल होने से अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। गनीमत रही कि बस की रफ्तार कम थी और सड़क किनारे बने स्टील गार्डर पर लटक गई। इसके बाद बस में सवार यात्रियों इमरजेंसी दरवाजे से बाहर निकालकर दूसरी बस से गंतव्य को रवाना किया।
जानकारी के अनुसार रोडवेज की एक बस मंगलवार रात करीब 12 बजे हल्द्वानी से मुनस्यारी के लिए निकली। बस में 31 यात्री सवार थे। बुधवार तड़के करीब ढाई बजे बस गरमपानी के समीप दोपाखी पुल पर पहुंची। तभी चालक को एहसास हुआ कि बस के ब्रेक नहीं लग रहे। यह पता चलते ही बस में चीख पुकार मच गई। पर बस की रफ्तार कम होने के कारण चालक ने किसी तरह बस को संभाला। पर बस का पहिया शिप्रा नदी की ओर बने लोहे के गार्डर पर जाकर फंस गई। इसके बाद इमरजेंसी दरवाजे से यात्रियों को बाहर निकाला गया। घटना की सूचना खैरना पुलिस चौकी को दी गई। पुलिस कर्मी जगदीश व सतीश ने मौके पर पहुंचकर रोडवेज की दूसरी बस से सवारियों को गंतव्य की ओर भेजा गया। बस परिचालक भूपाल राम ने बताया, बस में 31 यात्री सवार थे। बस के ब्रेक फेल होने से अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई। इस कारण यह हादसा हुआ। हालांकि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›