Report by : Paras Bisht
Published at :
रुद्रपुर से काठगोदाम तक फोरलेन अप्रैल तक होगा पूरा

39.52 किमी. काम पूरा हो चुका है काम, 10 किमी. का काम जल्द होगा
हल्द्वानी। चार साल से रुद्रपुर से काठगोदाम फोरलेन प्रोजेक्ट के पूरा होने का इंतजार अब चार महीने का रह गया है। अब इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए अप्रैल 2024 की डेडलाइन तय की गई है। रुद्रपुर से काठगोदाम तक अब 10 किमी. का काम शेष रह गया है। इसके पूरा होने के बाद रुद्रपुर से काठगोदाम तक फोरलेन पर वाहन सरपट दौड़ेंगे।
रामपुर से काठगोदाम तक एनएच का चौड़ीकरण कर फोरलेन प्रोजेक्ट का काम अक्तूबर 2019 तक पूरा हो जाना था। वहीं भूमि अधिग्रहण में देरी और बाद में संबंधित कंपनी की लेटलतीफी के चलते यह प्रोजेक्ट समय पर पूरा नहीं हो पाया। स्थिति यह रही कि प्रोजेक्ट को पूरा करने की मियाद को बढ़ाया जाता रहा। बाद में संबंधित कंपनी से कार्य हटा गाबर कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपा गया। रुद्रपुर से काठगोदाम तक इस प्रोजेक्ट के तहत 49.78 किमी. फोरलेन सड़क बननी है। यह पंतनगर और लालकुआं होते हुए काठगोदाम तक जानी है। रुद्रपुर की बात करें तो इंदिरा चौक से डीडी चौक तक अभी सर्विस लेन का काम होना है। बीते दिनों जी-20 सम्मेलन के चलते यहां से अतिक्रमण हटाया गया था। वहीं यहां सौन्दर्यीकरण और वॉकिंग ट्रैक की योजना है। यहां एनएचएआई को प्रशासन और विकास प्राधिकरण संग मिलकर इस प्रोजेक्ट पर कार्य करना है। इसके चलते इसमें विलंब हो रहा है। शेष कार्य पूरा हो चुका है। दिनेशपुर मोड़ पर आरओबी का कार्य चल रहा है। इस प्रोजेक्ट में अब तक रुद्रपुर से काठगोदाम तक 39.52 किमी. काम पूरा हो चुका है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›