Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में छात्राएं बोली, गौलापार, लालडांठ चौराहा, शनि बाजार जाने से लगता है डर

हल्द्वानी। हीरानगर का योग पार्क, बागजाला जाने वाला रास्ता, गौलापार, त्रिमूर्ति मंदिर के पास, कमलुवागांजा, लालडांठ चौराहा, डहरिया, जवाहर नगर, आंबेडकर नगर, शनि बाजार, समता आश्रम गली में जाने से बेटियां असुरक्षित महसूस करती हैं।
यह बात जेल रोड स्थित जीजीआइसी स्कूल की बालिकाओं ने महिला अधिकारियों से कही। जिस पर महिला अधिकारियों ने बालिकाओं को जल्द इन स्थानों पर पुलिस की ओर से कार्यवाही का भरोसा दिलाया। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत “असुरक्षित स्थानों के चिह्नीकरण” विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रशिक्षण एवं कौशल विभाग की अपर निदेशक ऋचा सिंह व बाल विकास अधिकारी शिल्पा जोशी ने छात्राओं से ऐसे स्थानों के बारे में पूछा, जहां वह असुरक्षित महसूस करती हैं।
बालिकाओं की ओर से असुरक्षित स्थान बताने के साथ ही स्वयं के साथ हुई घटनाओं का विवरण भी दिया। छात्राओं ने कहा कि स्कूल की छुट्टी के समय गेट के पास लड़के खड़े होकर छेड़खानी करते हैं और घर तक पीछा करते हैं। साथ ही टेंपो वाले जबरदस्ती बैठाने के लिए भीड़ लगा लेते हैं। इससे वह असहज महसूस करती हैं।
बताया कि स्कूलों के पास युवक झुंड बना कर खड़े रहते हैं, गाड़ी स्पीड से चलाते हैं और आते-जाते लड़कियों को छेड़ते हैं। कार्यशाला में डा. आयुषी ने महिला स्वास्थ संबंधी, पुलिस विभाग से एसआई ज्योति कोरंगा ने महिला हेल्पलाइन एप और जिला प्रोबेशन कार्यालय से तबस्सुम ने हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी। इस दौरान यशोदा साह, सुशीला ग्वाल आदि मौजूद रहे। कार्यशाला मे छात्राओं ने कुछ सुझाव भी पेश किए जैसे स्कूलों के आसपास छुट्टी के समय पुलिस की गश्त। टेंपो व ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन। आटो, ई-रिक्शा, बस स्टैंड व अन्य चिह्नित स्थानों पर पेट्रोलिंग का भी सुझाव दिया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›