Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में गूंजेंगे गीता के श्लोक, हर दिन प्रार्थना सभा में होगा पाठ

देहरादून। उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में अब हर दिन की शुरुआत श्रीमद्भागवत गीता के श्लोकों के साथ होगी। शिक्षा विभाग ने एक नई पहल के तहत प्रार्थना सभा में गीता के उपयुक्त श्लोकों के अर्थ और उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विद्यार्थियों तक पहुंचाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने सोमवार को सभी मुख्य शिक्षा अधिकारियों (सीईओ) को आदेश जारी कर नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

निर्देशों के अनुसार, प्रार्थना सभा में प्रतिदिन कम से कम एक श्लोक अर्थ सहित सुनाया जाएगा। साथ ही छात्र-छात्राओं को उस श्लोक का वैज्ञानिक और व्यावहारिक दृष्टिकोण भी समझाया जाएगा, जिससे उनका नैतिक और बौद्धिक विकास हो सके। सप्ताह में एक श्लोक को “सप्ताह का श्लोक” घोषित किया जाएगा, जिसे सूचना पट्ट पर अर्थ सहित प्रदर्शित किया जाएगा। विद्यार्थी पूरे सप्ताह इसका अभ्यास करेंगे और सप्ताह के अंत में उस पर चर्चा और फीडबैक भी लिया जाएगा।

डॉ. सती ने बताया कि शिक्षकों को यह जिम्मेदारी दी गई है कि वे समय-समय पर श्लोकों की व्याख्या करें और विद्यार्थियों को उनके सैद्धांतिक और व्यवहारिक पक्ष से परिचित कराएं। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सकारात्मक सोच और सांस्कृतिक बोध को प्रोत्साहित करना है।

शिक्षा विभाग की इस पहल को एक समग्र शैक्षिक दृष्टिकोण के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›