Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी फतेहुपुर बावन डांठ नाले के रपटे में बहने से युवक की मौत

हल्द्वानी। फतेहुपुर बावन डांठ नाले के रपटे में बहने से युवक की मौत हो गई। पुलिस-प्रशासन और अग्निशमन की टीम ने 200 मीटर दूर से शव को बरामद कर लिया है। युवक की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया।
मुखानी थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि मल्ला फतेहपुर निवासी ललित पालीवाल (38) पुत्र स्व. रामदत्त पालीवाल अपनी मां के साथ रहता था। युवक की शादी नहीं हुई थी और वह घर का इकलौता था। मंगलवार को ललित बावन डांठ रपटे को पार कर जंगल की तरफ गया था। पैदल नाला पार करने के दौरान युवक बह गया। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, तहसीलदार सचिन कुमार व दमकल भी पहुंच गए। युवक की तलाश शुरू हुई। घटनास्थल से 200 मीटर दूर नाले में युवक का शव बरामद कर लिया गया है। सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेई ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ललित लोगों को बता रहा था कि नाला कैसे पार करना है। इसी दौरान पानी बढ़ गया और वह नाले में बह गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
गुजरौड़ा ग्राम पंचायत फतेहपुर की प्रधान ऋतु जोशी ने नाले में युवक के बहने की घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यहां पुल का निर्माण होना नितांत आवश्यक है। बताया कि गुजरौड़ा में मल्ला फतेहपुर, नवाड़ सैलानी, गैर बिसाई आदि स्थानों को जाने वाला मार्ग भाखड़ा नदी कॉजवे से होकर जाता है। भविष्य में ऐसे हादसे होने पर जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की रहेगी। चेतावनी दी कि अगर भाखड़ा में पुल निर्माण नहीं होगा तो ग्रामीण आंदोलन के लिए विवश होंगे। वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता नीरज तिवारी ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से भाखड़ा नदी में पुल बनाने की मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी प्रशासन सुध नहीं ले रहा है। अगर पुल बना होता तो युवक की मौत नहीं होती। कहा कि नाला आने के दौरान यातायात भी बंद हो जाता है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›