Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी हल्दूचौड़ चौकी इंचार्ज पर मारपीट का आरोप, छात्रों ने चौकी पर प्रदर्शन कर किया हंगामा

हल्द्वानी। हल्दूचौड़ चौकी इंचार्ज पर मारपीट और अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए 100 से ज्यादा छात्रों ने देर रात हल्दूचौड़ चौकी पर प्रदर्शन किया। मामले की जानकारी होने पर क्षेत्र के लोग, ग्राम प्रधान और पूर्व कैबिनेट मंत्री के पुत्र भी युवा छात्रनेताओं के समर्थन में सड़क पर आ गए। हंगामा देर रात दो बजे के बाद भी जारी रहा। लालकुआं कोतवाली प्रभारी ने छात्रों के आरोपो को गलत बताया। खबर लिखे जाने तक छात्रों का धरना- प्रदर्शन जारी था।
पूर्व छात्र संघ सचिव महेश बिष्ट ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे अपने पांच साथियों के साथ गोधाम दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी बीच केशव प्लाजा मूवी जोन के पास हम सभी पहुंचे थे तभी एक निजी गाड़ी उनके बगल में आकर रुकी। वाहन से उतरे हल्दूचौड़ चौकी इंचार्ज गौरव जोशी ने बिना कुछ कहे और सुने लाठी चला दी। लाठी छात्रसंघ सचिव खजान आर्या को लग गई।
आरोप है कि इस बीच छात्रों ने मोबाइल कैमरा ऑन करते हुए चौकी इंचार्ज से इसकी वजह पूछी तो वह अभद्रता पर उतारू हो गए और कहा कि जो करना कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे। इसके बाद जोशी लाठी फटकारकर गालीगलौज करने लगे। बेवजह पुलिस की ओर से की गई मारपीट से नाराज छात्र चौकी पर ही धरने पर बैठ गए।
मामले की जानकारी होने पर घटनास्थल पर 100 से ज्यादा छात्र पहुंच गए। छात्रसंघ सचिव खजान आर्या ने कहा कि अगर दोषी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड और तबादला नहीं किया तो वह आमरण अनशन करेंगे। हंगामा बढ़ने पर ग्राम प्रधान हरेंद्र असगोला और रुक्मणी नेगी के अलावा पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गापाल के बेटे हेमवती नंदन दुर्गापाल भी मौके पर पहुंचे। इस बीच कोतवाल दिनेश फर्त्याल मय फोर्स पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया लेकिन छात्र चौकी इंचार्ज गौरव जोशी को निलंबित करने पर अड़ गए। देर रात करीब सवा दो बजे तक सभी छात्र चौकी पहुंचे और वहां धरने पर बैठ गए। खबर लिखे जाने तक छात्रों का धरना-प्रदर्शन जारी था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›