Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: नंद-भाभी में मोटी-पतली बोलने पर झगड़ा, नंद के चाकू घोंपा

हल्द्वानी। आपसी विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मंडी पुलिस चौकी के हाथीखाल किशनपुर सकुलिया गांव में नंद-भाभी के झगड़े में चाकू चल गया। घटना में नंद गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पहले सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिवार वाले उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए।
जानकारी के अनुसार, घायल महिला और आरोपी भाभी रिश्ते में नंद-भाभी हैं और पड़ोस में ही रहती हैं। दोनों के बीच पिछले कुछ दिनों से कहासुनी और विवाद चल रहा था। परिवार वालों का कहना है कि अक्सर मोटी-पतली कहने को लेकर बहस हो जाती थी। शुक्रवार देर शाम भी विवाद बढ़ गया। इसी दौरान भाभी ने गुस्से में आकर नंद के पेट में चाकू घोंप दिया। बचाव के दौरान पुष्पा देवी के हाथ में भी चोट आई है।
चाकू लगते ही नंद लहूलुहान होकर वहीं तड़पने लगी। परिजन आनन-फानन में उसे सुशीला तिवारी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने तुरंत हायर सेंटर भेजने की सलाह दी। परिजन उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए हुए हैं, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी भाभी को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिवार ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह पहला मौका नहीं है जब हल्द्वानी में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप लिया हो। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं ने आपसी रिश्तों और पारिवारिक तनाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›