Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: शिक्षिका बताकर रचाई शादी, सच खुला तो पति ने स्कूल के बाहर सुनाई खरी-खोटी

हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर हुई पहचान प्यार में बदली और फिर शादी तक बात पहुंची, लेकिन शादी के बाद जब हकीकत सामने आई तो भरोसे का रिश्ता टूट गया। दिल्ली निवासी एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने हल्द्वानी की युवती से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती की। युवती ने खुद को सरकारी स्कूल में शिक्षिका बताया, जिस पर भरोसा कर युवक ने उससे विवाह कर लिया।

शादी के बाद कुछ समय तक दोनों दिल्ली में साथ रहे। इसके बाद पत्नी ने स्कूल में नौकरी का हवाला देकर हल्द्वानी लौटने की बात कही और यहां किराये पर रहने लगी। पति जब भी उसके स्कूल और नौकरी के बारे में पूछता, तो पत्नी टालमटोल करने लगती। इससे पति को संदेह हुआ।

कुछ दिन पहले पति दिल्ली से हल्द्वानी आया और उस स्कूल में गया जहां पत्नी ने खुद को तैनात बताया था। जब उसने वहां पत्नी की फोटो दिखाई तो किसी भी शिक्षक या कर्मचारी ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया। शक यकीन में बदला और मंगलवार को पति अपनी पत्नी को लेकर स्कूल पहुंचा। वहां सच्चाई सामने आने पर उसने पत्नी को खरी-खोटी सुनाई और मारपीट भी की।

इसी दौरान पत्नी किसी तरह मौका पाकर स्कूल परिसर से भाग निकली। घटना नैनीताल रोड स्थित ठंडी सड़क क्षेत्र की बताई जा रही है।

कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मामले की जानकारी ले रही है और आवश्यक कार्रवाई तहरीर मिलने पर की जाएगी। घटना के बाद पति और पत्नी दोनों फिलहाल अज्ञात स्थान पर हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›