Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: ट्यूशन टीचर के बेटे ने 8 साल की बच्ची से किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी। वनभूलपुरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म किया गया है। यह घिनौना कृत्य बच्ची के ट्यूशन टीचर के बेटे ने ही अंजाम दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वनभूलपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली आठ वर्षीय बच्ची गौलागेट टनकपुर रोड पर स्थित एक शिक्षक के घर ट्यूशन पढ़ने जाती थी। बताया जा रहा है कि शनिवार को जब बच्ची हमेशा की तरह ट्यूशन पहुंची, तो वहां टीचर मौजूद नहीं थे। इसी बात का फायदा उठाते हुए आरोपी ने बच्ची को डरा-धमकाकर घर के बेसमेंट में ले गया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।
यह दर्दनाक घटना सामने तब आई जब बच्ची रोते हुए अपने घर पहुंची और उसने अपनी मां को आपबीती सुनाई। इसके बाद बच्ची के परिजन तुरंत आरोपी के खिलाफ तहरीर लेकर वनभूलपुरा थाने पहुंचे। घटना के बाद से आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बिलाल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
रविवार को पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी बिलाल को जैम फैक्ट्री के पास से गिरफ्तार कर लिया। उप-निरीक्षक सुशील जोशी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। यह घटना समाज में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलने की मांग उठ रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›