हरिद्वार
हरिद्वार साधु दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश: गद्दी विवाद में हुई थी हत्या
हरिद्वार के शिवगढ़ में दो साधुओं की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा किया। मंदिर की गद्दी विवाद के चलते हुई वारदात में 3 आरोपी गिरफ्तार।
हरिद्वार। पथरी क्षेत्र स्थित शिवगढ़ गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे साधु हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक धारदार पाठल और दो फावड़े भी बरामद किए गए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शिवगढ़ गांव में दो साधुओं पारस गिरी और सेवा गिरी की हत्या कर उनके शवों को मंदिर परिसर में दबा दिया गया था। दोनों साधु मूल रूप से शुक्रताल भोपा (मुजफ्फरनगर) के रहने वाले थे। घटना की जांच के लिए गठित पुलिस टीम ने काठा पीर के जंगल से तीन मुख्य आरोपियों – अंकुर उर्फ अखिल गिरी, आशु और राममिलन को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि घटना वाली रात पारस गिरी ने सेवा गिरी को पगड़ी पहनाकर मंदिर की गद्दी का नया उत्तराधिकारी घोषित कर दिया था। इस फैसले से नाराज होकर आरोपियों ने सबसे पहले मंदिर के सीसीटीवी (CCTV) कैमरे बंद किए। इसके बाद उन्होंने धारदार हथियारों से सेवा गिरी और पारस गिरी दोनों पर जानलेवा हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया और शवों को गड्ढे में दबा दिया।
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने मंदिर में मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी को भी डरा-धमकाकर भगा दिया था ताकि कोई सुराग न मिल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार चल रहे चौथे आरोपी को भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस मामले में पुलिस कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।
