Connect with us

हरिद्वार

हरिद्वार में दो साधुओं की दर्दनाक हत्या: मंदिर में दबाए शव, इलाके में सनसनी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हरिद्वार के पथरी क्षेत्र स्थित फूलगढ़ गांव में दो साधुओं की हत्या से हड़कंप। मंदिर परिसर में दबाए मिले शव। बाहर से आए साधुओं पर हत्या का संदेह, पुलिस जांच जारी।

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र अंतर्गत फूलगढ़ गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव स्थित शिव मंदिर परिसर में काफी समय से रह रहे दो साधुओं की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारों ने वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शवों को मंदिर परिसर में ही गड्ढा खोदकर दबा दिया। रविवार देर शाम जब ग्रामीणों ने मंदिर से सभी साधुओं को गायब देखा, तो उन्हें अनहोनी की शंका हुई। खोजबीन के दौरान जमीन में दबे शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
मृतक साधुओं की पहचान सेवागिरी और उत्तम गिरी के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शनिवार की रात कुछ अन्य साधु बाहर से आकर मंदिर में ठहरे थे। पुलिस का अनुमान है कि इन्हीं बाहरी साधुओं ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों ने एक साधु का गला घोंटकर और दूसरे की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद से ही बाहर से आए सभी आरोपी साधु मौके से फरार हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पथरी थाने की पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फरार साधुओं की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। पुलिस हर संभावित ठिकाने पर दबिश दे रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। एसपी ने आश्वासन दिया कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Select Language

Advertisement