हरिद्वार
रुड़की: निकाह से ठीक पहले महिलाओं से छेड़छाड़ पर टूटा रिश्ता, दुल्हन ने उसी रात दूसरे युवक से रचाया निकाह
रुड़की में शादी समारोह के दौरान बारातियों पर महिलाओं से अभद्रता और छेड़छाड़ का आरोप लगा। विवाद बढ़ने पर रिश्ता टूट गया और पुलिस की मौजूदगी में समझौते के बाद बारात बिना दुल्हन के लौटी। दुल्हन का निकाह उसी रात दूसरे युवक से कराया गया।
रुड़की। रुड़की की ग्रीन पार्क कॉलोनी स्थित एक बैंक्वेट हॉल में मंगलवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब निकाह की रस्में शुरू होने से ठीक पहले दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच जोरदार विवाद हो गया। बारात में आए कुछ युवकों पर महिलाओं से अभद्रता और छेड़छाड़ करने का आरोप लगा, जिसके बाद बात इतनी बढ़ी कि रिश्ता मौके पर ही तोड़ दिया गया। पुलिस के हस्तक्षेप और समझौते के बाद बारात को बिना निकाह के ही वापस लौटना पड़ा। इसके बाद दुल्हन पक्ष ने उसी रात किसी अन्य युवक को बुलाकर युवती का निकाह संपन्न कराया।
गंगनहर कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात पिरान कलियर क्षेत्र के मेहवड़ कलां गांव से बारात रुड़की पहुंची थी। आरोप है कि बारात में शामिल कुछ युवक अत्यधिक नशे की हालत में थे और उन्होंने वैवाहिक समारोह में मौजूद महिलाओं के साथ बदसलूकी व छेड़छाड़ शुरू कर दी।
लड़की पक्ष के लोगों ने जब इसका कड़ा विरोध किया, तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह बहस हिंसक मारपीट और लाठी-डंडों में बदल गई, जिससे शादी के माहौल में अफरा-तफरी मच गई और निकाह की रस्में बीच में ही रोकनी पड़ीं।
हंगामे और मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद दोनों पक्षों के प्रबुद्ध लोगों और पुलिस की मौजूदगी में काफी देर तक पंचायत चली। पंचायत में सर्वसम्मति से रिश्ता समाप्त करने का फैसला लिया गया।
समझौते की शर्तों के अनुसार, दूल्हा पक्ष ने दहेज का सामान और शादी के भोजन में हुआ पूरा खर्च लौटाने पर लिखित सहमति दी। इसके बाद बारात बिना दुल्हन लिए ही खाली हाथ बैरंग लौट गई।
घटना के अगले दिन बुधवार सुबह दोनों पक्षों ने गंगनहर कोतवाली पहुंचकर एक-दूसरे के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक ही रात में निकाह टूटने, दूल्हा बदलने और मारपीट की यह अप्रत्याशित घटना पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चा का विषय बनी रही।
