देहरादून
केदारनाथ के लिए उड़ान भरते समय बडासू में हेलीकॉप्टर हादसा, पायलट घायल, यात्री सुरक्षित
रुद्रप्रयाग। शनिवार को बडासू हेलीपैड से केदारनाथ के लिए उड़ान भरते समय एक हेलीकॉप्टर तकनीकी खराबी के चलते हादसे का शिकार हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर सड़क पर जा गिरा। इस हादसे में पायलट को हल्की चोटें आईं, जबकि हेलीकॉप्टर में सवार सभी पांचों यात्री सुरक्षित बच गए।
दोपहर करीब एक बजे क्रिस्टल एविएशन का हेलीकॉप्टर पांच यात्रियों को लेकर बडासू हेलीपैड से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई और वह तेजी से नीचे आने लगा। इस दौरान पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को केदारनाथ हाईवे पर आपात लैंडिंग कर दी। लैंडिंग के दौरान हेलीकॉप्टर का लैंडिंग स्किड और पिछला हिस्सा सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गया, जिससे टेल रोटर टूट गया। इस घटना में सड़क किनारे खड़ी कार क्षतिग्रस्त हो गई और पास की एक दुकान को भी नुकसान पहुंचा। गनीमत रही कि कार में कोई यात्री मौजूद नहीं था।
हादसे के बाद हेलीकॉप्टर से एक यात्री रेंगकर बाहर निकला और इसके बाद बाकी यात्रियों को हेलीकॉप्टर बंद होने के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि हादसे में पायलट पंचकूला निवासी 55 वर्षीय रविंद्र सिंह सोढ़ी को कमर में हल्की चोटें आई हैं।
सीओ विकास पुंडीर ने बताया कि हादसे के चलते केदारनाथ हाईवे पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। बाद में जेसीबी से हेलीकॉप्टर को हटाकर रास्ता साफ किया गया। हेलीकॉप्टर में सवार यात्रियों की पहचान मेरठ निवासी मोनिका गर्ग (41), उनके दो बच्चे नव्या गर्ग (11) और प्रणव गर्ग (15), उनकी सास अनिता गर्ग (71) और पंजाब के कपूरथला निवासी अरविंद कुमार (40) के रूप में हुई। सभी यात्री सकुशल हैं।
पायलट को नारायणकोटी स्थित विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने घटना पर बयान जारी करते हुए पायलट की सूझबूझ की सराहना की। उन्होंने कहा कि पायलट ने समय रहते तकनीकी खामी को भांपकर नजदीकी खाली सड़क पर सुरक्षित आपात लैंडिंग कराई। उन्होंने कहा कि इस हादसे की जांच कराई जाएगी और आपात लैंडिंग के कारणों का पता लगाया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस घटना का हेलीकॉप्टर शटल सेवा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
