चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
उत्तरकाशी: भागीरथी नदी पर लाइव सुसाइड का खौफनाक वीडियो! पुल से छलांग लगाने वाले युवक की मौत
उत्तरकाशी में एक नेपाली मूल के युवक ने भागीरथी नदी पर बने पुल से छलांग लगा दी। लोगों ने रस्सी फेंककर बचाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। पुलिस ने शव बरामद कर पहचान शुरू की।
उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गुरुवार शाम को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक युवक ने भागीरथी नदी में बने पुल से छलांग लगा दी। इस घटना से आस-पास टहल रहे लोगों में चीख-पुकार मच गई। युवक की इस दुखद कदम की वजह से मौके पर ही मौत हो गई।
पुल की रेलिंग पर लटका रहा युवक
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम को एक नेपाली मूल का युवक पुल पर आया और खंभे के सहारे नीचे नदी की ओर जाने लगा। पहले तो स्थानीय लोगों को लगा कि वह फोटो खींचने के लिए ऐसा कर रहा होगा, लेकिन जब वह पुल के आखिरी छोर पर पहुंचा, तो लोगों ने उसे आत्महत्या करने से रोकने के लिए दौड़ लगाई। घटना का एक खौफनाक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोग युवक को ‘रुक जा, रुक जा’ कहते हुए सुनाई दे रहे हैं। युवक कुछ देर तक पुल की रेलिंग पर लटककर झूलता रहा।
कपड़े की रस्सी भी फेंकी, पर नहीं माना
युवक को बचाने के लिए तीन स्थानीय युवकों ने तुरंत कपड़े इकट्ठा कर एक अस्थायी रस्सी बनाई और उसकी ओर फेंकी। लोगों ने उसे रस्सी पकड़ने के लिए बार-बार गुहार लगाई। लगभग 30 सेकंड तक यह प्रयास चलता रहा, लेकिन युवक ने रस्सी लेने से साफ इनकार कर दिया और देखते ही देखते उसने नीचे छलांग लगा दी। नदी के तेज बहाव और नीचे मौजूद बड़े-बड़े पत्थरों के ऊपर गिरने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
देर रात शव बरामद, पहचान की कोशिश
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। उत्तरकाशी कोतवाली की प्रभारी भावना कैंथोला ने बताया कि पुलिस और आपदा प्रबंधन टीम तुरंत मौके पर पहुंची। गंगा का बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में थोड़ी मुश्किल आई, लेकिन देर रात तक युवक का शव नदी से बाहर निकाल लिया गया। शव को पोस्टमॉर्टम हाउस में रखवा दिया गया है। पुलिस आस-पास के थानों और इलाकों में सूचना देकर युवक की पहचान करने की कोशिश कर रही है। यह घटना समाज में मानसिक स्वास्थ्य और तनाव से निपटने की आवश्यकता पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
