Connect with us

उधमसिंह नगर

खटीमा में भीषण सड़क हादसा: जगबुढ़ा पुल के पास कार-बाइक की टक्कर, दो दोस्तों की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

खटीमा के जगबुढ़ा पुल के पास बुधवार रात कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में नमन मौर्या और नावेद खान की मौत। नेपाल से लौटते समय हुआ हादसा, परिवारों में कोहराम।

खटीमा: उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। खटीमा-नेपाल सीमा मार्ग पर जगबुढ़ा पुल के पास कार और बाइक की आमने-सामने से हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, खटीमा के वार्ड नंबर 13 निवासी नमन मौर्या (27 वर्ष) पुत्र सुरेंद्र कुमार मौर्या और उनके मित्र नावेद खान (29 वर्ष) पुत्र बाबू खान बुधवार को अपनी बाइक से नेपाल गए थे। बुधवार रात जब वे नेपाल से वापस लौट रहे थे, तभी जगबुढ़ा पुल के समीप खटीमा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से 108 एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को तत्काल खटीमा उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल के चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। जवान बेटों की मौत की खबर सुनते ही वार्ड नंबर 13 सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बृहस्पतिवार सुबह पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जगबुढ़ा पुल के समीप अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिसके लिए प्रशासन को सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement