हल्द्वानी
हल्द्वानी में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित बाइक की टक्कर से 13 वर्षीय मासूम की मौत
हल्द्वानी-रामनगर हाईवे पर कटघरिया में भीषण सड़क हादसा। तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 13 साल के मासूम कपिल की दर्दनाक मौत, पिता गंभीर रूप से घायल।
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के कटघरिया में हल्द्वानी-रामनगर हाईवे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक की जोरदार टक्कर से सब्जी के ठेले के साथ लौट रहे 13 वर्षीय मासूम कपिल मौर्या की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में मृतक के पिता हरिशंकर मौर्या भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मूल रूप से बरेली (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हरिशंकर मौर्या कटघरिया में किराए पर रहकर बटाई पर खेती और सब्जी बेचने का काम करते हैं। देर रात करीब 11 बजे वे अपने सबसे बड़े बेटे कपिल के साथ सब्जी बेचकर ठेले के साथ घर लौट रहे थे। तभी हाईवे पर पीछे से आ रही एक अनियंत्रित बाइक ने उनके ठेले में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद लहूलुहान अवस्था में मासूम काफी देर तक तड़पता रहा, लेकिन आसपास मौजूद राहगीर मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस की टीम भी मूकदर्शक बनी रही। अंत में गंभीर रूप से घायल पिता ने हिम्मत जुटाकर बेटे को ऑटो से अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चार भाई-बहनों में सबसे बड़े कपिल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर फरार दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी है। व्यस्त हाईवे पर हुई इस घटना ने देर रात पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
