Connect with us

हल्द्वानी

रामनगर-हल्द्वानी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: काशीपुर के दो युवकों की मौत, एक घायल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रामनगर-हल्द्वानी मार्ग पर छोई गांव के पास अज्ञात कार, टेंपो और बाइक की भिड़ंत। हादसे में काशीपुर के दो सगे दोस्तों की मौत, टेंपो चालक अस्पताल में भर्ती।

रामनगर: उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल अंतर्गत रामनगर-हल्द्वानी मार्ग पर मंगलवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। छोई गांव के पास एक अज्ञात कार, टेंपो और बाइक के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत में दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक टेंपो चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका उपचार अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान 19 वर्षीय रोशन प्रीत और 19 वर्षीय जश्नदीप के रूप में हुई है। दोनों मृतक उधम सिंह नगर जिले के कुंडेश्वरी (काशीपुर) के निवासी थे। बताया जा रहा है कि दोनों युवक पेशे से स्कूल वैन चालक थे और किसी वाहन के कलपुर्जे (पार्ट्स) लेने के लिए अपनी बाइक से हल्द्वानी की ओर जा रहे थे।
हादसा उस वक्त हुआ जब छोई गांव के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे टेंपो से जा टकराई। इस हादसे में टेंपो चालक मोहम्मद असलम (निवासी गूलरघट्टी, रामनगर) भी लहूलुहान हो गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही काशीपुर से मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। दो जवान बेटों की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रामनगर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोषी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Select Language

Advertisement