Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून के नशा मुक्ति केंद्र में सनसनीखेज हत्याकांड: मेरठ निवासी की चम्मच से वार कर हत्या, दो युवक गिरफ्तार

हल्द्वानी। हल्द्वानी रेलवे स्टेशन के निकट ठोकर लाइन क्षेत्र में शनिवार देर रात एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के गले पर धारदार हथियार से वार के निशान मिलने पर पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

शनिवार रात ठोकर लाइन इलाके में स्थानीय लोगों ने खून से सना एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही वनभूलपुरा थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया गला रेतकर हत्या किए जाने का संदेह जताया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में भेज दिया है और शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रकाश चंद्र और सीओ सिटी नितिन लोहनी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घटनास्थल के आसपास के इलाकों में सघन पूछताछ कराई और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के निर्देश दिए। पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में कुछ अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।

देर रात शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। भय और दहशत के माहौल में लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते नजर आए। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और मौके से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक युवक के हुलिए के आधार पर आसपास के थानों और गुमशुदगी दर्ज परिवारों से संपर्क किया जा रहा है। साथ ही इलाके में बाहरी लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। हत्या के कारणों और आरोपियों का पता लगाने के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं।

फिलहाल युवक की शिनाख्त न होने से उसकी हत्या की गुत्थी और भी रहस्यमयी बनी हुई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी ने संदिग्ध गतिविधि देखी हो या युवक की पहचान के बारे में जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।


Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›