Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी में नाबालिग किशोर-किशोरी लापता, परिजनों ने थाने में किया हंगामा

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के एक किशोर और किशोरी शुक्रवार को अचानक लापता हो गए। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव व्याप्त है, क्योंकि किशोरी के परिजनों ने एक विशेष समुदाय के किशोर पर उनकी बेटी को भगाकर ले जाने का आरोप लगाया है।

गुमशुदा किशोरी के परिजनों ने शनिवार को मुखानी थाने पहुंचकर हंगामा किया। परिजनों का कहना था कि उनकी बेटी के साथ किसी अनहोनी की आशंका है। उनका आरोप है कि आरोपी किशोर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया है, इसलिए जल्द से जल्द उसे सुरक्षित बरामद किया जाए। परिजनों ने पुलिस से आरोपी पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि यदि उनकी बेटी को शीघ्र नहीं खोजा गया तो वे आंदोलन करेंगे।

वहीं दूसरी ओर आरोपी किशोर के परिजनों ने भी थाने में तहरीर देकर अपने बच्चे को खोजे जाने की मांग की है। पुलिस दोनों पक्षों से प्राप्त तहरीरों के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।

मुखानी थाना प्रभारी दिनेश जोशी ने बताया कि दोनों किशोर-किशोरी के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस की टीम सक्रिय रूप से उनकी तलाश कर रही है। दोनों पक्षों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही दोनों को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।

इस घटना से क्षेत्र में चर्चा है, जबकि पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस दोनों किशोर-किशोरी को तलाशने में जुटी है ताकि जल्द से जल्द मामले में सच्चाई सामने आ सके।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›