Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में पत्नी और ससुराल पक्ष को बताया मौत का जिम्मेदार

हल्द्वानी। ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर की लाश यातायात नगर में कंपनी के कार्यालय के पास उसके कमरे में फांसी के फंदे में लटकी मिली। पुलिस को कमरे की जांच के दौरान एक सुसाइड नोट भी मिला है। सुसाइड नोट में मैनेजर ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। उधर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हालांकि अभी तक परिजनों ने पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार आकाश सिंह (29) पुत्र राजनेत सिंह निवासी गनीपुर डबरहा तिलकहरा आजमगढ़ का रहने वाला था। वह टीसीआई फ्राइट कंपनी में मैनेजर के पद पर तैनात था। कंपनी का एक ऑफिस यातायात नगर में हैं। वह यातायात नगर में कंपनी के पास ही कमरा लेकर रह रहा था। सोमवार सुबह जब वह ऑफिस नहीं आया तो कंपनी का कर्मचारी रामवीर सिंह आकाश के कमरे में गया। आकाश का शव पंखे में लटका मिला। उसने टीपीनगर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा। यहां डॉक्टरों ने आकाश को मरा घोषित कर दिया। उधर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। परिजन देर रात हल्द्वानी पहुंचे। पुलिस ने परिजनों के समक्ष शव का पंचनामा भर शव परिजनों को सौंप दिया। कोतवाल उमेश मलिक ने बताया कि युवक के कमरे से सुसाइड नोट मिला है। कहा कि उसकी शादी आठ महीने पहले ही हुई थी। सुसाइड नोट में उसने अपने मरने का कारण पत्नी और ससुराल पक्ष को बताया है। कहा कि परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। पुलिस ने सुसाइड नोट को सील कर मालखाने में रखवा दिया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›