Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में टेंपो में नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना से आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने घेरी कोतवाली

हल्द्वानी। टेंपो में नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना से आक्रोशित एमबीपीजी कॉलेज के छात्र-छात्राएं मंगलवार सुबह कोतवाली पहुंची। छात्रों ने लचर कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्र-छात्राओं ने आरोपी को फांसी देने और सभी टेपों चालकों के सत्यापन की पुरजोर मांग उठाई।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के बैनर तले छात्र-छात्राएं कोतवाली पहुंचे। छात्रों ने पुलिस-प्रशासन चूड़ियां पहनो…, आरोपी को फांसी दो…, पुलिस-प्रशासन होश में आओ समेत कई नारे लगाए। कहा कि एक छात्रा रविवार को संगीत सीखकर आ रही थी। टेंपो चालक उसे मंगलपड़ाव से बैठाकर सुनसान जगह पर ले गया और दुष्कर्म किया। आरोप लगाया कि पुलिस पीड़िता को मानसिक रूप से कमजोर बता रही है। पीड़िता कमजोर होती तो वह क्लास कैसे जाती। छात्रों ने टेंपो और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन करने की मांग की।
बाद में एसएसआई महेंद्र प्रसाद को ज्ञापन देकर वह वापस लौट गए। कोतवाल उमेश मलिक ने बताया कि आरोपी पर पॉक्सो में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। विवेचना महिला एसआई लता खत्री कर रही हैं। यहां भूमिका लटवाल, रुचि मनराल, यतिन पांडे, निखिल सोनकर, हर्ष शर्मा, मनीष चंद्र, निकिता भट्ट आदि रहीं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›