Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में आज फिर टूटेगा अतिक्रमण, कालू सिद्ध मंदिर होगा शिफ्ट

सड़क और चौराहे-तिराहे चौड़ीकरण के लिए सरस मार्केट से कालू सिद्ध मंदिर तक अतिक्रमण ध्वस्त किया जाएगा
हल्द्वानी। सड़क और चौराहे-तिराहे चौड़ीकरण की जद में आ रहे प्रतिष्ठानों पर आज से एक बार फिर जेसीबी गरजेगी। सरस मार्केट से कालू सिद्ध मंदिर तक अतिक्रमण ध्वस्त किया जाएगा। कार्रवाई की जद में आ रहे मंदिर को पास की ही भूमि पर शिफ्ट करने की तैयारी शुरू हो गई है।
शहर को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन, नगर निगम और लोनिवि की संयुक्त टीम ने 29 दिसंबर से सिंधी चौराहे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की थी। नोटिस देने के बाद कुछ रातों तक अफसरों की टीम जेसीबी लेकर दुकानों के रैंप, सीढ़ियां, लोहे के जाल हटाने पहुंची। लोनिवि से मिली जानकारी के अनुसार शहर के करीब 15 चौराहों-तिराहों को चौड़ा करने और जंक्शन तैयार करने की योजना बनाई गई है। सभी चौराहे करीब-करीब 50 मीटर चौड़े होने हैं। वहीं, सड़कों की चौड़ाई दोनों तरफ 12-12 मीटर की जानी है। हालांकि, सीएम ने एक मीटर की राहत इसमें देने का ऐलान कुछ दिन पहले किया है। हालांकि व्यापारियों के विरोध के बाद एक समिति गठित कर 24 और 25 जनवरी को प्रभावितों की सुनवाई हुई। अधिकांश ने अपने दस्तावेज समिति के पास जमा कराए हैं। इधर, प्रशासन और निगम की एक टीम आज से नैनीताल रोड पर केएमवीएन की सरस मार्केट से लेकर कालू सिद्ध मंदिर तक अतिक्रमण हटाएगी। इसमें खाम लैंड पर बनीं दुकानें, ऊर्जा निगम का कार्यालय, को-ऑपरेटिव की भूमि पर बना अपना बाजार, मंदिर शामिल है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›