Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी में सांड से टकराने से बाइक सवार मिस्त्री की मौत

हल्द्वानी। भवन निर्माण का कार्य करने के बाद साथी श्रमिक के साथ वापस घर लौट रहे राज मिस्त्री की बाइक सांड से टकरा गई। हादसे में राज मिस्त्री की मौत हो गई। जबकि उसके साथी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
यूपी के जिला बरेली स्थित भमौरा थानाक्षेत्र के गांव नगला उदयी निवासी मोतीराम (27) पेशे से राज मिस्त्री था। हल्द्वानी के बेरीपड़ाव में पत्नी और दो बच्चों के साथ किराये के मकान में रहता था। वह लालडांठ में एक भवन निर्माण का काम कर रहा था। हल्द्वानी कोतवाल उमेश कुमार मलिक के मुताबिक सोमवार की रात वह काम खत्म कर साथी श्रमिक कुंवरसेन के साथ बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी समय पंचायत घर के पास अंधेरे में अचानक उसकी बाइक के आगे सांड आ गया। सांड से टक्कर के चलते बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं मोतीराम और कुंवरसेन गंभीर रूप से घायल हो गए। मोतीराम के सिर में लगा हेलमेट टूट गया। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को एसटीएच भिजवाया, जहां कुछ देर इलाज के बाद मोतीराम की मौत हो गई। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उसके परिवार में उसकी पत्नी, तीन साल का बेटा और आठ माह की बेटी है। मेडिकल चौकी के एसआई मो. आकिल ने बताया कि कुंवरसेन के सीने में चोट आई है। शुरुआती बातचीत में सांड से टकराने की बात सामने आई है। वहीं परिजनों ने सांड के सींग से चोटिल होने की वजह से मौत होने की बात कही है। पुलिस के मुताबिक मृतक के दाहिने पैर पर चोट का निशान हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›