Report by : CWN Desk
Published at :
काशीपुर में बनेगा 200 बेड का अस्पताल, केंद्र सरकार ने निर्माण को दी मंजूरी

भवाली स्थित टीबी अस्पताल के पुनर्निर्माण के लिए भी बजट मंजूर
देहरादून। केंद्र सरकार ने काशीपुर में 200 बेड के अस्पताल के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही राज्य के कई जिलों में डॉक्टरों के लिए आवास और ट्रांजिट हॉस्टल के लिए भी बजट मंजूर किया गया है।
नई दिल्ली में मंगलवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की बैठक हुई। जिसमें राज्यों की ओर से दिए गए प्रस्तावों पर चर्चा के बाद मुहर लगाई गई। राज्य के स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने इस बैठक में शिरकत की। उन्होंने बताया कि एनएचम की ओर से राज्य के काशीपुर में 200 बेड के अस्पताल को मंजूरी दी गई है।
इस अस्पताल के निर्माण के लिए 120 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। इसके अलावा कई जिलों में डॉक्टरों के आवास के लिए 10 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। नैनीताल में डॉक्टरों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल के लिए नौ करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने भवाली स्थित टीबी अस्पताल के पुनर्निर्माण के लिए भी बजट मंजूर किया गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य के ओर से एनएचएम के तहत कई प्रस्ताव भेजे गए हैं जिन्हें चरणबद्ध तरीके से स्वीकृतियां दी जा रही है। 200 बेड के अस्पताल के बनने से काशीपुर के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। क्षेत्र के लोगों को इससे स्वास्थ्य सुविधाएं घर के पास ही मिलेंगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›