Report by : CWN Desk
Published at :
खटीमा में शौच के लिए जंगल गई महिला को जबड़े में दबाकर ले गया बाघ

खटीमा। सुरई वन रेंज में बुधवार सुबह बाघ ने एक और महिला को मार डाला। महिला गांव से लगे जंगल में शौच के लिए गई थी। इसी दौरान घात लगाकर बैठा बाघ महिला को जबड़े में दबाकर जंगल में खींचकर ले गया। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम को महिला का शव के पास से बाघ को भगाने के लिए चार राउंड फायरिंग करनी पड़ी। सुरई रेंज में बीते दो सालों में बाघ के हमले में दस लोगों की जान जा चुकी है।
यूपी सीमा से लगी सरपुड़ा ग्राम पंचायत के तोक नवदिया निवासी महिला सुभावती (49) पत्नी बिरजा बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे शौच के लिए जंगल किनारे गई थी। इसी दौरान घात लगाए बाघ ने अचानक उसपर हमला बोल दिया। बाघ सुभावती को जंगल की ओर खींच ले गया। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी।
सूचना पर रेंज अधिकारी आरएस मनराल, डिप्टी रेंजर सुंदर लाल, वन दरोगा अजमत खान, आरडी वर्मा सहित बड़ी संख्या में वन कर्मी बख्तरबंद ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे। तीन घंटे बाद घटनास्थल ककरा कंपार्टमेंट नंबर 14 से करीब 200 मीटर दूर महिला का शव बरामद हुआ। रेंजर ने ग्रामीणों को जंगल में प्रवेश नहीं करने की चेतावनी जारी की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›