Report by : CWN Desk
Published at :
किच्छा में प्रेमी के इनकार पर हाईटेंशन पोल पर चढ़ी युवती, इलाके में मचा हड़कंप

किच्छा में प्रेमी द्वारा शादी से मुकरने पर युवती हाईटेंशन पोल पर चढ़ गई। स्थानीय निवासियों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला और उसे सुरक्षित उतारा गया।

ऊधम सिंह नगर। जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। किच्छा क्षेत्र में रविवार सुबह एक युवती प्रेमी से शादी की जिद को लेकर रेलवे लाइन के पास स्थित हाईटेंशन बिजली के पोल पर जा चढ़ी। युवती को खंभे पर चढ़ा देखकर पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी बाईपास क्षेत्र की रहने वाली इस युवती का पड़ोस के ही एक युवक के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। युवती का आरोप है कि युवक लगातार उसे शादी का भरोसा देता आ रहा था, लेकिन हाल ही में उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर शनिवार रात दोनों के बीच काफी विवाद भी हुआ था।


युवक के शादी से मना करने पर आहत युवती ने गुस्से में आकर यह जानलेवा कदम उठाया। वह सुबह-सुबह रेलवे लाइन के पास लगे हाईटेंशन बिजली के खंभे पर चढ़ गई और अपनी मांग पर अड़ी रही। युवती को इतनी ऊंचाई पर देख आसपास के लोग सहम गए, क्योंकि जरा सी लापरवाही पर वह हाईटेंशन तारों की चपेट में आ सकती थी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत समझदारी दिखाते हुए युवती को समझाना-बुझाना शुरू किया। काफी देर की कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने युवती को शांत कराया और सुरक्षित नीचे उतार लिया। गनीमत यह रही कि वह बिजली के करंट की चपेट में नहीं आई और समय रहते एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन भी मामले की जानकारी जुटा रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि यदि स्थानीय नागरिक समय पर सूझबूझ न दिखाते तो परिणाम घातक हो सकता था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›