Report by : Paras Bisht
Published at :
हल्द्वानी ऊंचापुल में कुत्ता टहला रहे बुजुर्ग के लिए काल बनकर आई कार, पीछे से मारी टक्कर और मौत

हल्द्वानी। ऊंचापुल के पास बुधवार रात कुत्ता टहला रहे बुजुर्ग को अनियंत्रित कार ने टक्कर मार दी। परिजन स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें निजी अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है।
रिटायर्ड बैंक कर्मी महेंद्र पाल सिंह रावत (65 वर्ष) ऊंचापुल में पत्नी के साथ रहते हैं। उनका एक बेटा जर्मनी और दूसरा दिल्ली में नौकरी करता है। पुलिस के मुताबिक बुधवार रात करीब 10:45 बजे खाना खाने के बाद महेंद्र कुत्ते को लेकर सड़क किनारे टहला रहे थे। वह पैदल-पैदल ऊंचापुल स्थित रामलीला ग्राउंड पहुंचे थे कि तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें चपेट में ले लिया। घटना में वह बुरी तरह घायल हो गए और कान से खून निकलने लगा। परिजनों ने उन्हें क्षेत्र के निजी अस्पताल पहुंचाया जहां से उन्हें नैनीताल रोड स्थित दूसरे निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
मुखानी थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि कार को जब्त कर लिया है। आरोपी चालक भीमताल में शिक्षा विभाग में बतौर क्लर्क कार्यरत है, उसका ब्लड सैंपल लिया गया है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›