Report by : CWN Desk
Published at :
इंडियन आर्मी अग्निवीर भर्ती 2023 रिजल्ट जारी, ऐसे देख सकेंगे रिजल्ट

सीईई में उत्तीर्ण अभ्यर्थी ले सकेंगे फिजिकल एवं मेडिकल टेस्ट में भाग

नई दिल्ली। इंडियन आर्मी की ओर से अग्निपथ योजना के तहत हो रही अग्निवीर भर्ती 2023 का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। जिन उम्मीदवारों ने अग्निवीर भर्ती में भाग लिया था वे अपना परिणाम ऑनलाइन माध्यम से चेक कर सकते हैं। रिजल्ट भारतीय सेना की ऑफिशियल वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जारी किया गया है। उम्मीदवारों को बता दें कि रिजल्ट जोन के अनुसार अलग-अलग घोषित किये गए हैं। जो उम्मीदवार सीईई परीक्षा में सफल रहेंगे केवल वे भर्ती की अगली प्रक्रिया फिजिकल एवं मेडिकल टेस्ट प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे। रिजल्ट प्राप्त करने के लिए परीक्षा में भाग लेने वाले उम्मीदवारों को सबसे पहले इंडियन आर्मी की की ऑफिशियल वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाना होगा। इसके बाद अभ्यर्थी सीईई रिजल्ट से संबंधित लिंक पर क्लिक करें। अब आपके सामने एक नए पेज पर जोन के अनुसार रिजल्ट ओपन हो जायेगा। आप जिस जोन के तहत आते है उस लिंक पर क्लिक करें। लिंक पर क्लिक करते ही लिस्ट पीडीएफ फॉर्मेट में एक नए पेज पर ओपन हो जाएगी।
इंडियन आर्मी की ओर से भर्ती प्रक्रिया में बदलाव किया गया था जिसके तहत अब अभ्यर्थियों को पहले लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करनी होगी। जो उम्मीदवार लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण रहेंगे केवल उन्हें ही फिजिकल फिटनेस टेस्ट के लिए आमंत्रित किया जायेगा। इसके लिए एडमिट कार्ड जल्द ही भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए जायेंगे। शारीरिक दक्षता परीक्षण में सफल उम्मीदवारों को अंत में मेडिकल टेस्ट में भाग लेना होगा। सभी प्रक्रिया में सफल अभ्यर्थियों का भारतीय सेना में अग्निवीर पदों पर चयन किया जायेगा।
आपको बता दें कि इंडियन आर्मी अग्निवीर भर्ती 2023 की परीक्षा का आयोजन 17 से 26 अप्रैल तक देशभर में निर्धारित परीक्षा सेंटर्स पर किया गया था, जिसके लिए एडमिट कार्ड 5 अप्रैल को जारी कर दिए गए थे। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 फरवरी से 20 मार्च 2023 तक पूरी की गयी थी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›