Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी व दिनेशपुर में सड़क हादसों में दो की मौत, तितोली में नौले में डूबने से मासूम ने गंवाई जान

हल्द्वानी/दिनेशपुर। बीते रविवार को हल्द्वानी और ऊधमसिंह नगर में हुए सड़क हादसों में 12वीं के छात्र समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहला हादसा लामाचौड़ क्षेत्र में हुआ, जहां निगल्टिया, मुखानी निवासी विक्रम सिंह पानू का बेटा दिपांशु पानू (18 वर्ष) अपने दोस्त के साथ बाइक से जा रहा था। तभी एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दिपांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

दूसरी दुर्घटना ऊधमसिंह नगर के दिनेशपुर में हुई, जहां जाफरपुर निवासी भुवाली (40 वर्ष), पुत्र जग्गू को एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल भुवाली को अस्पताल ले जाया गया, फिर हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

इधर, तितोली गांव में सोमवार दोपहर 12 वर्षीय हृदयेश, पुत्र राम बहादुर, की नौले में डूबने से मौत हो गई। नेपाल मूल के हृदयेश अपने परिवार के साथ गांव में रह रहे थे। सोमवार को भोजन के बाद वह अन्य बच्चों के साथ पानी भरने गया था, तभी पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गया। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हृदयेश को निकालकर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मनोज कांडपाल ने बताया कि हृदयेश की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से नौलों पर सुरक्षा इंतजाम पुख्ता करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाएं न हों। इस तरह के हादसों से क्षेत्र में शोक की लहर है, और लोग सतर्कता व सुरक्षा के उपायों की आवश्यकता पर जोर दे रहे हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›