Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून से अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर गिरफ्तार, वन्यजीव तस्करों को करता था असलहे सप्लाई

देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ और महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार को देहरादून के क्लेमनटाउन क्षेत्र से एक अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्कर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान कामरान अहमद (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से यमुना विहार, दिल्ली का निवासी है और वर्तमान में क्लेमनटाउन के टर्नर रोड स्थित केशवकुंज में रह रहा था।

कामरान का नाम हाल ही में महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में पकड़े गए दो वन्यजीव तस्करों की पूछताछ में सामने आया था। इन तस्करों से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए थे, जिनमें कैलिबर राइफल, एयर गन, रिवॉल्वर, क्रॉसबो हंटिंग ट्रेजर और सैकड़ों कारतूस शामिल थे।

महाराष्ट्र क्राइम ब्रांच की सूचना पर उत्तराखंड एसटीएफ हरकत में आई और आरोपी की लोकेशन व पहचान की पुष्टि के बाद महाराष्ट्र पुलिस टीम देहरादून पहुंची। यहां एसटीएफ की मदद से कामरान अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसएसपी एसटीएफ नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि कामरान कोई नया अपराधी नहीं है। वर्ष 2022 में भी उसे दिल्ली पुलिस ने दो हजार कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था।

गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई है। जांच में खुलासा हुआ है कि कामरान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हथियारों की आपूर्ति करता था, और खासतौर पर वन्यजीव तस्कर गैंगों को असलहे और कारतूस पहुंचाता था।

इस गिरफ्तारी से अवैध हथियार सप्लाई चेन के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है, जिसकी जांच अब महाराष्ट्र और उत्तराखंड पुलिस संयुक्त रूप से कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›