Report by : CWN Desk
Published at :
गूलरघाटी गोदाम में अनियमितताओं का खुलासा, 12 लॉट के चावल सैंपल फेल, वितरण पर रोक

देहरादून। गूलरघाटी स्थित सरकारी गोदाम में दूसरे दिन भी प्रशासनिक अधिकारियों की टीम जांच में जुटी रही। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर एडीएम जयभारत सिंह की अगुवाई में जांच टीम ने गोदाम में रखे गेहूं और चावल के सभी खेपों की सैंपलिंग की। जांच में 12 लॉट में रखे चावल के सैंपल फेल पाए गए।

बुधवार को खुद जिलाधिकारी ने गोदाम पहुंचकर कई अनियमितताओं को उजागर किया था, जिसके बाद गुरुवार को भी पूरे दिन जांच जारी रही। जिलाधिकारी ने साफ किया कि फेल सैंपल वाले खाद्यान्न का वितरण रोक दिया गया है और इसे जल्द नष्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।

इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए वरिष्ठ विपणन अधिकारी और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी के निलंबन की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा खामियां पाए गए रिकॉर्ड रजिस्टरों को भी जांच टीम ने कब्जे में ले लिया है।

जांच दल में संभागीय खाद्य निरीक्षक बंशी लाल राणा, डिप्टी आरएमओ अन्नू जैकरे, तहसीलदार सतेंद्र देव, जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल, नायब तहसीलदार और राजस्व उपनिरीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गोदाम में खाद्यान्न की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और भविष्य में ऐसी लापरवाही पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›