Report by : CWN Desk
Published at :
आईएसबीटी चौकी प्रभारी देवेश खुगशाल रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार: विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

देहरादून। सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने 14 मई 2025 को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आईएसबीटी चौकी प्रभारी देवेश खुगशाल को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी एक शिकायतकर्ता की ओर से दी गई शिकायत पर आधारित थी, जिसमें चौकी प्रभारी द्वारा पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता के दोस्त और तीन अन्य व्यक्तियों के खिलाफ बजांरावाला देहरादून में भूमि विवाद से संबंधित शिकायत जावेद नामक व्यक्ति द्वारा दी गई थी। इस मामले की जांच आईएसबीटी चौकी प्रभारी देवेश खुगशाल कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने शिकायतकर्ता को गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज कर जेल भेजने की धमकी देते हुए जांच से नाम हटाने के लिए पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की गुप्त जांच की। जांच में आरोप सही पाए जाने पर एक ट्रैप टीम गठित की गई और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 14 मई को देवेश खुगशाल को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
वर्तमान में आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह घटना पुलिस विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार पर एक गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करती है और भ्रष्टाचार के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की एक मिसाल भी पेश करती है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›