अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़
जागेश्वर: 10 साल से अधूरी सड़कों के डामरीकरण के लिए ग्रामीणों की गुहार
जागेश्वर विधानसभा की 2 प्रमुख सड़कों का डामरीकरण न होने से ग्रामीण परेशान हैं। स्वतंत्रता सेनानी के वंशज बीसी पांडे ने सीएम और विधायक से मांग की।
अल्मोड़ा। जिले की जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण सड़कों की बदहाली से स्थानीय निवासी काफी परेशान हैं। जागेश्वर-भगरतोला-कदौरी-चमुवा-खेतीगैर-कबकोली मार्ग और सिंघोला से मतदान केंद्र चमुवा प्राइमरी स्कूल रोड का निर्माण कार्य पिछले 10 सालों से अधूरा पड़ा हुआ है। ग्रामीण लंबे समय से इन सड़कों के पक्के निर्माण और डामरीकरण की राह देख रहे हैं।
स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय श्री बद्री दत्त पांडे के वंशज और वरिष्ठ नागरिक बी. सी. पांडे ने समस्त ग्रामवासियों की ओर से शासन-प्रशासन से गुहार लगाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्थानीय विधायक श्री मोहन सिंह मेहरा से इन अधूरी सड़कों को अतिशीघ्र पूरा कराने की मांग की है।
साल 2016 में आरआईडीएफ (RIDF) योजना के तहत स्वीकृत हुई जागेश्वर-भगरतोला-कबकोली सड़क का काम लंबे समय से अटका हुआ है। वहीं, हाल ही में सिंघोला से चमुवा प्राथमिक विद्यालय तक बनाई जा रही सड़क भी आधी-अधूरी छोड़ दी गई है। बारिश के मौसम में इन रास्तों पर कीचड़ और गड्ढों के कारण बच्चों और बुजुर्गों की आवाजाही जोखिम भरी हो जाती है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव में क्षेत्र का विकास बाधित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि संबंधित लोक निर्माण विभाग (PWD) को तुरंत आदेश जारी कर डामरीकरण प्रक्रिया पूरी कराई जाए। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि सरकार उनकी इस जायज मांग पर जल्द संज्ञान लेगी। वहीं, चमुवा के सामाजिक कार्यकर्ता केशर सिंह कार्की ने सड़कों की दुर्दशा पर चिंता जताई है। केशर सिंह कार्की के मुताबिक ग्रामीण सड़क पर बरसात में आवाजाही करना काफी मुश्किल हो गया है। उन्होंने शासन और जिम्मेदार विभागों से बरसात के बाद सड़कों के डामरीकरण कराए जाने की मांग की है।
