Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में जाम से मिलेगी निजात, यहां से बनेगा फोरलेन

12.17 किमी लंबाई की झाझरा-आशारोड़ी लिंक रोड के विकास के लिए 715.97 करोड़ धनराशि की स्वीकृति
देहरादून। केंद्र सरकार ने देहरादून की 12.17 किमी लंबाई की बहुप्रतीक्षित झाझरा-आशारोड़ी लिंक रोड के विकास के लिए 715.97 करोड़ धनराशि की स्वीकृति प्रदान कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह लिंक रोड देहरादून शहर के लिए एक बाईपास के रूप में कार्य करेगी, जिससे देहरादून शहर में भीड़भाड़ और प्रदूषण में भी कमी आएगी। इस सड़क से देहरादून में आवागमन आसान होगा
योजना के मुताबिक सड़क फोरलेन होगी। यह पूरी सड़क नई बनेगी और इसकी जद में छह गांवों में स्थित 44.76 हेक्टेयर निजी व सरकारी भूमि आ रही है। इस सड़क के बनने से जो लोग दिल्ली की तरफ से सेलाकुई इंडस्ट्रियल एरिया, पांवटा साहिब या दून की तरफ बल्लूपुर के पास तक आएंगे, उन्हें अनावश्यक रूप से शहर में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा। पांवटा साहिब से देहरादून होकर दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन भी दून में प्रवेश नहीं करेंगे। इससे शहर में अतिरिक्त वाहन दबाव नहीं पड़ेगा। यह सड़क आशारोड़ी में आरटीओ चेकपोस्ट के पास से शुरू होगी और वन समेत ग्रामीण आबादी क्षेत्र से होकर झाझरा में देहरादून-पांवटा साहिब राजमार्ग पर मिलेगी। राजमार्ग में जरूरत के मुताबिक पुल व फ्लाईओवर के निर्माण भी किए जाएंगे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›