उधमसिंह नगर
काशीपुर: मौत के मुंह से लाल को खींच लाई मां, तेंदुए के जबड़े से छुड़ाया 4 साल का मासूम
काशीपुर के पास दलपतपुर में तेंदुए ने 4 वर्षीय मासूम पर हमला कर उसे उठा लिया। मां की बहादुरी के आगे पस्त हुआ तेंदुआ, बच्चे को छोड़ जंगल में भागा। पढ़ें पूरी खबर।
काशीपुर। जसपुर-ठाकुरद्वारा मार्ग पर स्थित ग्राम तरफ दलपतपुर में सोमवार शाम एक ऐसी घटना घटी, जिसने ममता की शक्ति को एक बार फिर साबित कर दिया। घर के बाहर खेल रहे चार वर्षीय मासूम मोक्ष पर अचानक एक आदमखोर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ बच्चे को अपने मुंह में दबाकर जंगल की ओर भागने लगा, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि उसका सामना एक निडर मां से होने वाला है।
बच्चे की चीख सुनते ही मां पिंकी देवी बिजली की गति से घर के बाहर आईं। अपने कलेजे के टुकड़े को तेंदुए के मुंह में देख वह बिना डरे मौत से टकरा गईं। पिंकी देवी जोर-जबरदस्ती और चीखते-चिल्लाते हुए तेंदुए के पीछे दौड़ पड़ीं। मां की इस भीषण गर्जना और साहस को देखकर तेंदुआ घबरा गया और मासूम को लहूलुहान हालत में छोड़कर घने जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ।
तेंदुए के हमले से घायल बच्चे को आनन-फानन में मुरादाबाद रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे के शरीर पर गहरे जख्म हैं, लेकिन समय पर इलाज मिलने के कारण उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। अस्पताल में भर्ती बेटे को सीने से लगाकर पिंकी देवी बार-बार ईश्वर का धन्यवाद कर रही हैं, जिनकी कृपा और उनकी हिम्मत ने उनके लाल को नया जीवन दिया।
इस घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची और परिजनों से पूरी जानकारी ली। घटना के बाद से तरफ दलपतपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की पुरजोर मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी कोई अनहोनी दोबारा न हो सके।
