Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
हिट एंड रन के नए नियमों के विरोध में केमू बसों की आज से हड़ताल का एलान

साल के पहले दिन ही लड़खड़ा सकती है कुमाऊँ में परिवहन की व्यवस्था
हल्द्वानी। हिट एंड रन के नए नियमों का कुमाऊं में विरोध शुरू हो गया है। कुमाऊं मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड (केएमओयू) ने इसके विरोध में सोमवार से हड़ताल का ऐलान कर दिया है। वहीं परिवहन निगम के चालकों ने निगम प्रबंधन को हड़ताल का नोटिस देने का निर्णय लिया है।
सड़क दुर्घटना होने पर चालक के खिलाफ होने वाली कार्रवाई के लिए नए नियम लागू किए जा रहे हैं। इसके तहत एक्सीडेंट होने की दशा में चालक को दस साल तक की सजा और 5 लाख रुपये तक अर्थदंड लगाए जाने का प्रावधान किया जा रहा है। इसकी जानकारी मिलने के बाद वाहन चालकों में आक्रोश बना हुआ है। संशोधन के नाम पर चालकों को गुनहगार बनाने का काला कानून लागू किया जा रहा है।
हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों में आवाजाही के लिए केमू सबसे प्रमुख साधन है। हर दिन हल्द्वानी से 82 बसें पर्वतीय क्षेत्रों में जाती हैं और इतनी ही रोजाना वापसी करती हैं। रोडवेज सहित टैक्सी से कम किराया होने से बड़ी संख्या में लोग केमू से आवाजाही करते हैं। साल के पहले दिन ही केमू की हड़ताल से कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था लड़खड़ा सकती है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›