Report by : Paras Bisht
Published at :
कुमाऊं डीआईजी ने रामनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सैनी किया निलंबित

नैनीताल। कुमाऊं रेंज के डीआईजी डॉ.योगेंद्र सिंह रावत ने कोतवाली रामनगर के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।
डीआईजी रेंज डॉ. रावत ने एसएसपी नैनीताल प्रह्लाद नारायण मीणा को आदेश दिया है कि संबंधित मामले में विभाग के किसी राजपत्रित अधिकारी को जांच सौंपें और जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करें। आदेश में यह भी कहा गया है कि कोतवाली रामनगर में पंजीकृत आबकारी अधिनियम से संबंधित मुकदमे में अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद न्यायालय की ओर से पारित विभिन्न निर्णय एवं निर्गत निर्देशों का उल्लंघन कर गिरफ्तार अभियुक्तों को जमानत पर रिहा नहीं किया गया। निलंबन की अवधि में कोतवाल सैनी को पुलिस लाइन नैनीताल में संबद्ध किया गया है।
29 नवंबर को पुलिस ने मामले में दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया था कि टाइगर कैंप रिजॉर्ट में छापे के दौरान विदेशी शराब की भरी बोतलें बरामद हुईं। मौके पर मौजूद रिजॉर्ट मैनेजर शराब परोसने का लाइसेंस नहीं दिखा सके। वहीं मैनेजर ने पुलिस पर बेवजह फंसाने का आरोप लगाया था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›