Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर भूस्खलन से यातायात ठप, कई ग्रामीण मार्ग भी बंद, भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित


नैनीताल। जिले में सोमवार देर शाम भारी बारिश के चलते नैना गांव के पास बड़ा भूस्खलन हुआ, जिससे नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि गनीमत रही कि कोई वाहन मलबे की चपेट में नहीं आ

घटना के समय एक बुलडोजर मलबा हटाने के कार्य में लगा था, जो बाल-बाल बच गया। शाम करीब साढ़े छह बजे अचानक पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर आ गिरा। सूचना मिलते ही एनएच विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर दोनों ओर वाहनों को रोक दिया और वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया गया।

एनएच के सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल ने बताया कि राहत कार्य तेज़ी से जारी है और उम्मीद है कि मंगलवार सुबह तक यातायात सामान्य हो जाएगा।

इस बीच लगातार बारिश से जिले में जनजीवन प्रभावित हो गया है। बीते 24 घंटे में नैनीताल में 80 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जिला प्रशासन के अनुसार, सोमवार को दो राज्य मार्गों समेत 11 ग्रामीण मार्ग बाधित रहे, जिनमें गर्जिया-घुघुतियाधार-बेतालघाट, रामनगर-भंडारपानी-अमगढ़ी-भुजान, देवीपुरा-सौड़, और फतेहपुर-बेल मार्ग प्रमुख हैं। इन मार्गों के बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

प्रशासन और लोनिवि की टीमें मार्गों को खोलने में जुटी हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›