Report by : CWN Desk
Published at :
मर्चुला बस दुर्घटना: खराब परिवहन व्यवस्था और सड़कों की ओर इशारा: इंद्रेश मैखुरी

पौड़ी: पौड़ी जिले के नैनीडांडा से रामनगर जा रही बस के अल्मोड़ा जिले के मर्चुला में दुर्घटनाग्रस्त होने की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में 36 लोगों की जान चली गई। इस दुखद घटना पर भाकपा (माले) के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि यह घटना उत्तराखंड की लचर परिवहन व्यवस्था और खराब सड़कों की ओर इशारा करती है।
मैखुरी ने कहा कि इस दुर्घटना में बस में क्षमता से अधिक सवारियां होने की बात सामने आई है। पहाड़ी क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन के साधन बेहद जर्जर हालत में हैं और सड़कों की स्थिति भी दयनीय है। मुख्यमंत्री के सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के दावों के बावजूद हकीकत कुछ और ही है।
उन्होंने कहा कि जुलाई 2018 में धुमकोट में हुई भीषण दुर्घटना के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। हर बार मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए जाते हैं लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। मैखुरी ने मांग की है कि इस बार की जांच में यह स्पष्ट किया जाए कि पिछली जांच में क्या कमियां रहीं और उनसे क्या सबक लिए गए।
भाकपा (माले) नेता ने कहा कि जर्जर परिवहन व्यवस्था और खराब सड़कों के कारण लोगों की जान जा रही है। इस समस्या पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि वह इस मामले में गंभीरता से ले और ठोस कदम उठाए।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›