उधमसिंह नगर
ऊधमसिंह नगर में भंडाफोड़: हिरण के सींग और एलोपैथिक दवा मिलाकर बनती थी ‘चमत्कारी’ शुगर दवा
दिनेशपुर (रुद्रपुर) में नकली आयुर्वेदिक दवा बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश! हिरण के सींग, एलोपैथिक दवाइयां और मशीनें बरामद। आरोपी स्वरूप सिंह हिरासत में। पूरी खबर पढ़ें।
दिनेशपुर/रुद्रपुर: उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के दिनेशपुर में सोमवार को एक बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई हुई। पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य और वन विभाग की संयुक्त टीम ने मिलकर शुगर की ‘चमत्कारी’ आयुर्वेदिक दवा बनाने वाले एक अवैध धंधे का पर्दाफाश किया है। आरोपी एलोपैथिक दवाइयों और हिरण के सींग को पीसकर चूर्ण तैयार करता था और उसे शुद्ध आयुर्वेदिक बताकर ऊँचे दामों पर बेचता था। मौके से भारी मात्रा में नशीली और प्रतिबंधित सामग्री बरामद हुई है।
गुप्त सूचना के आधार पर, दिनेशपुर नगर पंचायत कार्यालय के पीछे वार्ड नंबर दो स्थित एक घर में छापेमारी की गई। संयुक्त टीम को मौके पर नकली आयुर्वेदिक दवा तैयार करने का पूरा सेटअप मिला। दो कमरे करीब 50 कुंतल तैयार माल और कच्चे माल से भरे हुए थे। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि मौके से हिरण के सात सींग बरामद हुए। इसके अलावा, शुगर की एलोपैथिक दवा PILGPM-SR-2 की सात पेटियां और विटामिन-कैल्शियम युक्त अन्य दवाइयां भी मिलीं।
आरोपी स्वरूप सिंह, जिसे पुलिस ने हिरासत में लिया है, का मॉडस ऑपेरेंडी बेहद खतरनाक था। वह एलोपैथिक दवाओं को पीसता था, उसमें हिरण के सींग का चूरा मिलाता था और फिर उसे आयुर्वेदिक शुगर कंट्रोल चूर्ण के रूप में पैक करता था। टीम को दवा मिलाने और पीसने वाली लाखों रुपये की मशीनें भी मिली हैं। यह नकली दवा सोशल मीडिया और वर्ड-ऑफ-माउथ (एक-दूसरे को बताकर) के जरिए प्रचारित की जा रही थी।
जांच में सामने आया है कि दवा की एक पुड़िया एक हजार रुपये तक बेची जाती थी। यह अवैध खेप न केवल उत्तराखंड, बल्कि पश्चिम बंगाल, दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक सप्लाई की जा रही थी। वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम ने बताया कि बरामद हिरण के सींगों की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि यह तस्करी या शिकार का मामला है।
एसडीएम गदरपुर ऋचा सिंह ने बताया कि नकली शुगर की दवाइयां बनाकर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। आरोपी के खिलाफ वन विभाग, आयुर्वेदिक विभाग, औषधि विभाग और पुलिस की ओर से चार अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं। बरामद सभी सामान को सील कर दिया गया है और दवाइयों की सैंपलिंग कराई जा रही है। प्रशासन ने इस मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
