राजनीति
आलू बीमा में भारी अनियमितता पर विधायक राम सिंह कैड़ा सख़्त, एसबीआई बीमा कंपनी पर कार्रवाई की मांग
भीमताल।
भीमताल विधानसभा के विधायक राम सिंह कैड़ा ने किसानों को आलू फसल बीमा की बेहद कम राशि दिए जाने पर कड़ा रुख अपनाया है। विधायक कैड़ा ने कहा कि इस वर्ष किसानों द्वारा जमा की गई प्रीमियम राशि के बराबर भी उन्हें बीमा मुआवजा नहीं दिया गया, जो गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने बताया कि रामगढ़, धारी, भीमताल और ओखलकांडा विकासखंडों के किसानों के खातों में बेहद कम बीमा राशि आने के बाद से ही वे लगातार इस मुद्दे को उठा रहे हैं। विधायक ने कुछ दिन पूर्व कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री से भेंट कर किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की थी।
विधायक कैड़ा ने स्पष्ट रूप से कहा कि SBI बीमा कंपनी द्वारा किसानों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने कृषि मंत्री से मांग की है कि एसआईबी बीमा कंपनी को मानकों के अनुरूप किसानों को उचित आलू बीमा राशि दिलाई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि कंपनी निर्धारित मानकों के अनुसार बीमा भुगतान नहीं करती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
विधायक ने कहा कि जिस दिन से किसानों के खातों में कम बीमा राशि डाली गई है, उसी दिन से वे लगातार विभागीय अधिकारियों और मंत्रियों से वार्ता कर रहे हैं। उनका उद्देश्य सिर्फ एक है—किसानों को उनका हक दिलाना।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जब तक किसानों को पूरा और न्यायसंगत बीमा मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक वे यह लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ते रहेंगे।
