Report by : CWN Desk
Published at :
काठगोदाम जाने वाली नैनी-दून जन शताब्दी ट्रेन को पलटने की साजिश का जल्द खुलासे के दावा, मंडल के कमांडेंट ने किया निरीक्षण

रुद्रपुर। रेलवे ट्रैक पर लोहे का पोल रखने के मामले रेलवे के कमांडेंट ने घटनास्थल का दौरा कर जानकारी हासिल की। उन्होंने कार्मिकों को रेलवे ट्रैक की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। इसकी जांच रामपुर (यूपी) पुलिस को सौंप दी गई है।
बुधवार रात रुद्रपुर सिटी स्टेशन से महज 500 मीटर की दूरी पर यूपी सीमा पर स्थित बिलासपुर क्षेत्र में अवांछनीय तत्वों ने रेलवे ट्रैक पर लोहे का पोल रख दिया था। इसी ट्रैक से रात साढ़े नौ बजे देहरादून से काठगोदाम जाने वाली नैनी-दून जन शताब्दी ट्रेन को गुजरना था। समय रहते लोको पायलट ने ट्रैक पर पोल देख लिया और इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। मामला सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया। रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) सक्रिय हो गई।
शुक्रवार को रेलवे के इज्जतनगर (बरेली) मंडल के कमांडेंट पवन कुमार श्रीवास्तव ने अधिकारियों के साथ घटनास्थल का दौरा किया। घटना के संबंध में जानकारी हासिल की। इस दौरान आरपीएफ कर्मियों ने उन्हें बताया कि रेलवे पटरी के पास टेलीफोन का खंबा काफी समय से पड़ा था। इसे उठाकर पटरी पर रखा गया था। श्रीवास्तव का कहना था कि मामला रामपुर (यूपी) पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ही इस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी। उधर, पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि रेलवे ट्रैक को बाधित करने के मामले के खुलासे में आरपीएफ रामपुर पुलिस को सहयोग कर रही है। जल्द ही प्रकरण से पर्दा उठने की उम्मीद है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›