Report by : CWN Desk
Published at :
नैनीताल गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट संपन्न, समर्थ जैन बने ओवरऑल चैंपियन

लोक भवन नैनीताल में 21वें गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट का समापन हो गया है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने विजेता समर्थ जैन और अन्य खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल में लोक भवन गोल्फ क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रतिष्ठित ’’गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट-2026’’ का रविवार को शानदार समापन हो गया। इस 21वें ऐतिहासिक टूर्नामेंट में देश के 9 अलग-अलग राज्यों से आए 179 गोल्फरों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। लोक भवन परिसर में आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में सूबे के राज्यपाल और लोक भवन गोल्फ क्लब के अध्यक्ष, लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस वर्ष आयोजित हुई इस रोमांचक प्रतियोगिता के ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव समर्थ जैन को हासिल हुआ है। वहीं, कड़ी टक्कर के बाद आशीष जैन प्रतियोगिता के उपविजेता घोषित किए गए। अन्य मुख्य श्रेणियों में नुसरत अब्बासी ने बेस्ट नेट विजेता और अंशुल छाबरा ने उपविजेता का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा महिलाओं के वर्ग में डॉ. सृष्टि धौन विजेता और श्रीमती आरोही अत्री उपविजेता रहीं, जिन्होंने मैदान पर बेहतरीन खेल भावना का परिचय दिया।
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि इस 21वें आयोजन ने सफलता का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने इस बात पर विशेष प्रसन्नता जताई कि इस खेल उत्सव में 7 वर्ष की नन्ही बच्ची से लेकर 81 वर्ष के वरिष्ठ गोल्फरों तक ने एक बड़े परिवार की तरह हिस्सा लिया। राज्यपाल ने कहा कि इतने राज्यों से आए खिलाड़ियों की मौजूदगी भारत की ‘एकता में विविधता’ की सुंदर तस्वीर पेश करती है। उन्होंने 42 एकड़ में फैले ऐतिहासिक लोक भवन गोल्फ कोर्स की समृद्ध जैव विविधता की भी जमकर सराहना की।
इस गरिमापूर्ण समापन समारोह में प्रदेश के कई गणमान्य नागरिक और उच्च अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उत्तराखंड की प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री दीपम सेठ और राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन विशेष रूप से उपस्थित थे। इनके साथ ही अपर सचिव रीना जोशी, गोल्फ कैप्टन कर्नल विवेक भट्ट और वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव ने भी शिरकत की। राज्यपाल ने स्थानीय प्रशासन, आयोजकों और खेल प्रेमियों को इस पूरे आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए बधाई दी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›