Report by : CWN Desk
Published at :
जन्मदिन से लौट रहे एनएसजी कमांडो की सड़क हादसे में मौत, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई

हल्द्वानी। दोस्त की जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे एनएसजी कमांडो की हल्द्वानी-भीमताल मार्ग पर सड़क हादसे में मौत हो गई। गुरुवार को रानीबाग के चित्रशिला घाट पर दिवंगत कमांडो दीपक जोशी का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

दीपक जोशी (27 वर्ष), निवासी खुशी पार्क, जयनगर, दिनेशपुर, ऊधमसिंह नगर, वर्ष 2017 में सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में चेन्नई में एनएसजी कमांडो के पद पर कार्यरत थे। दीपक 22 जून को छुट्टी पर घर आए थे। एक जुलाई को वे स्पोर्ट्स बाइक से अल्मोड़ा अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने गए थे। दो जुलाई को लौटते समय अमृतपुर में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में दीपक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए, जबकि उनका साथी आगे निकल चुका था।

स्थानीय लोगों ने उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह हादसा दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच हुआ।

दीपक अपने परिवार के बड़े बेटे थे। पिता रविन्द्र कुमार जोशी सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि छोटा भाई मनीष पढ़ाई कर रहा है। परिवार मूल रूप से सोमेश्वर माला गांव का निवासी था और आठ साल पहले दिनेशपुर जयनगर में आकर बसा था।

दीपक की नवंबर में शादी तय थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। 22 जुलाई को उनकी छुट्टी खत्म होने के बाद उन्हें चेन्नई वापस ड्यूटी ज्वॉइन करनी थी, लेकिन हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। मां ममता जोशी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›