Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: गौजाजाली क्षेत्र में पत्थर से कुचलकर तरुण की हत्या, आरोपी अनिल गिरफ्तार

जसपुर। जसपुर के मंडुआखेड़ा गांव में शनिवार रात एक युवक ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी की नृशंस हत्या कर दी। रविवार सुबह वारदात की सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया। मृतका के पिता की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी वारदात के बाद से फरार है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों से जानकारी ली।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 32 वर्षीय नीमा पत्नी राहुल के रूप में हुई है। नीमा का शव रविवार सुबह घर में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उसके सिर, गले, हाथ और पैरों पर धारदार हथियार के गहरे घाव थे। अधिक रक्तस्राव से मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। कोतवाल जगदीश ढकरियाल ने बताया कि नीमा की हत्या उसी के पति राहुल पुत्र दिलीप सिंह ने की है। वारदात के बाद से राहुल फरार चल रहा है।

बताया गया कि राहुल हलवाई की दुकान पर काम करता था, जबकि नीमा गांव के बाहर स्थित प्लाई फैक्ट्री में मजदूरी करती थी। राहुल अपनी पत्नी पर शक करता था, जिससे अक्सर दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था। शनिवार रात भी इसी शक को लेकर दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ। गुस्से में राहुल ने पहले पत्नी के सिर को ईंट-पत्थर से कुचल डाला, फिर धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया। इतने पर भी आरोपी का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो उसने नीमा के हाथ और पैर की नसें काट दीं और उसकी तड़प-तड़पकर मौत होते देखता रहा।

पुलिस ने मृतका के पिता नन्हे सिंह निवासी ग्राम इमरतपुर, रेहड़ (बिजनौर) की तहरीर पर आरोपी राहुल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। नन्हे सिंह ने अपनी बेटी के साथ मारपीट और उत्पीड़न करने तथा हत्या करने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, राहुल और नीमा की शादी नौ साल पहले हुई थी। उनके दो बच्चे—नेहा (08) और लव (06) हैं, जो अब बेसहारा हो गए हैं। गांववालों ने बताया कि राहुल के परिवार में माता भगवती देवी, पिता दिलीप सिंह, दो बहनें और एक भाई हैं। बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि भाई राजेश अलग रहता है। राहुल अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग घर में रहता था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने दबिशें शुरू कर दी हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›