Report by : CWN Desk
Published at :
किच्छा: लाइनमैन की करंट लगने से मौत, लापरवाही पर ऑपरेटर व सुपरवाइजर बर्खास्त

किच्छा। लालपुर क्षेत्र में फॉल्ट ठीक करते समय करंट लगने से लाइनमैन शिव कुमार की दर्दनाक मौत के बाद ऊर्जा निगम ने कड़ा एक्शन लिया है। यह घटना रविवार देर शाम की है जब शिमला पिस्तौर निवासी शिव कुमार, जो स्वयं सहायता समूह के जरिये लाइनमैन पद पर कार्यरत थे, एक फैक्टरी में फ्यूज जोड़ते समय करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

एसडीओ दिनेश चंद गुरुरानी ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि जांच में पाया गया कि लाइनमैन ने सुरक्षा उपकरण नहीं पहने थे जबकि फील्ड कर्मियों के लिए उपकरण कार्यालय में उपलब्ध हैं। साथ ही, उन्होंने कुरैया सब स्टेशन से शटडाउन लिया था जबकि फ्यूज जोड़ने के लिए लालपुर से शटडाउन लेना जरूरी था।

ऊर्जा विभाग ने इस मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में कुरैया सब स्टेशन पर तैनात ऑपरेटर अरहान और सुपरवाइजर नसीम अहमद को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। इन दोनों कर्मचारियों ने शिव कुमार द्वारा मांगे गए शटडाउन की सूचना जेई को नहीं दी थी, जो कि नियमों के अनुसार अनिवार्य था।

ऊर्जा निगम की सुरक्षा टीम हल्द्वानी से इस घटना की जांच करेगी और रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। विभाग की ओर से मृतक के परिवार को 80,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है, जबकि 20,000 रुपये अंतिम संस्कार के लिए पहले ही प्रदान किए जा चुके हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›